शोपुर। एक भारतीय रियलिटी टीवी शो देखकर रोगी हो जाने का एक भयावह मामला शोपुर में सामने आया है। यहां के एक मिर्ची व्यापारी मुंगेरीलाल को उस समय भारी दिल का दौरा पड़ा जब उनकी धर्मपत्नी अंगूरी देवी ने उन्हें जबरन एक घंटे तक स्थानीय टीवी शो दिखा दिया। मुंगेरीलाल अमेरिकन टीवी सीरीज जैसे हैनिबल, सूट्स, हाउ आई मेट योर मदर के बड़े फैन हैं। हाल ही में उन्होंने गौथम, एजेंट्स ऑफ शील्ड और मिस्टर रोबोट जैसी नई टीवी सीरीज डाउनलोड की है। इन्ही कारणों से अब मुंगेरीलाल नार्मल टीवी सीरियल नहीं देख पाते। मिसेस मुंगेरीलाल के शब्दों में, मैं तो भगवान से लाख लाख बार क्षमा मांगती हूं कि मैंने इन्हें जबरदस्ती भारतीय टीवी शो दिखाया। पहले भी कुछ महिलाओं के और कुछ हंसी मजाक के सीरियल देखते हुए यह दूसरे कमरे में चले जाते थे। हमारी नई शादी हुई है, इसलिए पहले पहल तो मैंने भी कुछ नहीं कहा। लेकिन उस दिन मुझे लगा के मुझे इनके संग ही टीवी देखना है। अर्धांगिनी को हूं इनकी। जैसे ही शो शुरू हुआ ये उठकर दूसरे कमरे में जाने लगे। पर मैंने इन्हेडांटकर बैठा दिया, के मेरे संग भी टीवी देखा करो। पूरा समय ये चुप चाप बस देखते रहे। बीच में भारत के कुंवारे नंबर वन और शिकारी नंबर वन के गंदे जोक्स पर एक आध बार जबरन हंसे भी। मैं भी खुश थी के इन्हें शो पसंद आने लगा है। लेकिन जब शो खत्म होने लगा तो ये अचानक जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। बोले के एक टीम की चोरी करने वाले राज के बारे में दूसरी टीम को पता तो चल ही गया था, फिर उसपे एक घंटे डिस्कशन क्यों हुआ? फिर ये बेहोश हो गए। इन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। जब ये आईसीयू से रूम में शिफ्ट हुए तो वहां टीवी पर नर्स वही शो देख रही थी, जिसे देख यह फिर बेहोश हो गए। हालांकि मुंगेरी लाल अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं पर डॉक्टर ने सलाह दी है के नियमित व्यायाम और योगाभ्यास के अतिरिक्त उन्हें फौरी तौर पर टीवी सीरियलों से दूर रखा जाए। अमेरिकन टीवी सीरीज में भी उन्हें उनके कुछ चुनिंदा टीवी सीरियल ही दिखाए जाएं, अन्यथा उनके हार्ट पर बुरा असर पड़ सकता है।
No comments:
Post a Comment